दुर्गा पूजा के अवसर पर असम के गुवाहाटी के कामाख्या मंदिर में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया रंजन गोगोई और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने देवी के दर्शन किए। नवरात्र की ‘अष्टमी’ के दिन कामख्या मां का आशीर्वाद लेने सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे जिसकी वजह से अति विशिष्ट अतिथियों को आम लोगों के साथ देवी के दर्शन करने पड़े। शाह असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रणजीत दास एवं अन्य के साथ तड़के ही मंदिर पहुंच गये थे। गौरतलब है कि शाह कल रात ही गुवाहाटी पहुंचे।
इसके बाद, न्यायमूर्ति गोगोई ने मां के दर्शन किये। वह असम के निवासी हैं। उन्होंने कुछ दिनों पहले ही उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली है। शहर में नीलाचल पर्वत पर स्थित मंदिर में दर्शन के दौरान न्यायमूर्ति गोगोई की पत्नी भी उनके साथ मौजूद थी।