भारत निर्वाचन आयोग ने ओडिशा से राज्यसभा (राज्यों की परिषद) की आकस्मिक रिक्त सीट को भरने के लिए उपचुनाव की घोषणा की है। यह सीट वर्तमान राज्यसभा सांसद देवाशीष सामंतराय के 25 मई को इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई। उनका कार्यकाल तीन अप्रैल 2030 तक निर्धारित था। निर्वाचन आयोग ने ओडिशा राज्यसभा उपचुनाव का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है।
चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया 1 जून 2026 (सोमवार) को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून 2026 (सोमवार) तय की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 9 जून 2026 (मंगलवार) को की जाएगी। उम्मीदवार 11 जून 2026 (गुरुवार) तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
मतदान 18 जून 2026 (गुरुवार) को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा। मतों की गिनती उसी दिन शाम 5:00 बजे से की जाएगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून 2026 (शनिवार) तक पूरी होने की संभावना है।
आयोग ने निर्देश दिया है कि मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराया गया एकीकृत बैंगनी (वायलेट) रंग का स्केच पेन ही इस्तेमाल किया जाएगा। किसी अन्य पेन के उपयोग की अनुमति नहीं होगी।
उपचुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी चुनाव प्रक्रिया की कड़ी निगरानी की जाएगी।