जेडीयू के वरिष्ठ नेता और एमएलसी तनवीर अख्तर की कोरोना से मौत हो गई है। कुछ दिन पहले वे कोरोना संक्रमित हो गए थे। पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार सुबह 9.45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। तनवीर अख्तर अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष भी थे। तनवीर अख्तर विधानसभा कोटे से 2016 में एमएलसी बने थे और उनका कार्यकाल जुलाई 2022 तक था। तनवीर अख्तर सीएम नीतीश कुमार के करीबी नेताओं में से थे।
तनवीर अख्तर के निधन से राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा, विधान परिषद सभापति अवधेश नारायण सिंह, मंत्री अशोक चौधरी समेत कई नेताओं ने शोक जताया है। सीएम नीतीश कुमार ने अख्तर के निधन पर गहरी शोक संवेदना जाहिर की है। उन्होंने कहा कि तनवीर अख्तर एक कुशल राजनेता थे। इनका सम्मान समाज के हर वर्ग में था। सामाजिक कार्यों में उनकी विशेष रुचि रही है।