मुकुल ने ममता पर फिर साधा निशाना, कहा ममता को नंदीग्राम और सिंगूर याद दिलाना होगा

  • Nov 12, 2018
Khabar East:Mukul-says-again-Mamata-will-be-reminded-of-Nandigram-and-Singur
कोलकाता, 12 नवम्बरः

पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा में शामिल होनेवाले मुकुल राय ने पार्टी सुप्रीमो तथा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर फिर से निशाना साधा है। अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दूसरे दिन पत्रकारों के साथ बातचीत करने के दौरान मुकुल ने कहा कि ममता बनर्जी को नंदीग्राम और सिंगूर के संग्राम के बारे में भुलना नहीं चाहिए।

उन्होंने कहा कि इतिहास खुद को दोहराता है। 2007 में इसी नवंबर के महीने में जब सिंगूर का आंदोलन पूरे शबाब पर था। ममता के मुताबिक माकपा के हर्मद वाहिनी इलाके के 13 लोगों की हत्या कर दी थी। पुलिस का अत्याचार बढ़ गया था। उस वक्त मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने विवादस्पद बयान दिया था कि उनका सिक्का उन्हें वापस किया गया।

यानी माओवादियों की हिंसा का जवाब दिया गया। यह बयान देने के बाद वह कोलकाता फिल्म महोत्सव के उद्घाटन में व्यस्त हो गये थे। इस घटना के बाद राजनीति ने करवट ली और पश्चिम बंगाल की तख्त पर ममता बनर्जी बैठीं। लेकिन नंदीग्राम व सिंगूर को भूल गयीं। फिल्म महोत्सव में भी उस घटना का कोई जिक्र नहीं किया।

मुकुल के अनुसार ममता बनर्जी को अब नंदीग्राम और सिंगूर से कोई राजनीतिक लाभ मिलनेवाला नहीं है। लिहाजा वहां के लोगों के लिए सोचने का अब उनके पास वक्त भी नहीं है। हालांकि बंगाल की जनता पूरे घटना क्रम को जानती है। उस दौरान सिंगूर का मुद्दा लोकसभा से लेकर हर जगह चर्चा का केंद्र बन गया था।

Author Image

Khabar East