भाजपा ने किया ‘गां‍धी संकल्प यात्रा’ का आगाज, बंगाल को हिंसामुक्त बनाने का किया आह्वान

  • Oct 16, 2019
Khabar East:BJP-inaugurates-Gandhi-Sankalp-Yatra-calls-for-making-Bengal-peaceful
कोलकाता,16 अक्टूबरः

पश्चिम बंगाल में वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव से पूर्व व्यापक जनसंपर्क के मद्देनजर प्रदेश भाजपा ने बहुप्रतीक्षित गांधी संकल्प यात्राकी बुधवार को शुरुआत कर दी। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने खड़गपुर से यात्रा का आगाज करते हुए राज्य से हिंसा का खात्मा और सत्याग्रह का आह्वान किया। उन्होंने करणगढ़ महामाया मंदिर में सुबह पूजा-अर्चना करने के बाद यात्रा की शुरुआत की। उनके साथ हजारों लोग इसमें शामिल हुए। इस अवसर पर घोष ने कहा कि महात्मा गां‍धी के अहिंसात्म आंदोलन और सत्याग्रह शुरू करने के 100 वर्ष बाद भी पश्चिम बंगाल में देश में सबसे ज्यादा हिंसा हो रही है। प्रशासनिक हिंसा और राजनीतिक हिंसा में पश्चिम बंगाल देश में अव्वल है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल को हिंसामुक्त राज्य बनाने का संकल्प लिया है और उसी संकल्प के साथ यह यात्रा शुरू की गयी है। उन्होंने कहा कि हिंसा से राज्य को मुक्ति दिलाने के साथ-साथ स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त राष्ट्र, पौधरोपण, जल संरक्षण और नशा मुक्ति का भी इस दौरान प्रचार किया जायेगा। कहा कि भाजपा चाहती है कि एक स्वस्थ समाज और देश का निर्माण हो। उल्लेखनीय है महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर भाजपा देश भर में गांधी संकल्प यात्राकर रही है। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा की वजह से इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गयी थी। घोष ने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिले में 10 दिनों तक यह यात्रा चलेगी। यह यात्रा राज्य की सभी 42 लोकसभा और 294 विधानसभा क्षेत्रों में होगी। इसके जरिये पार्टी बड़े पैमाने पर जनसंपर्क अभियान करेगी और लोगों से मिलकर राज्य में पार्टी की रणनीति के बारे में उन्हें बताएगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: