पंचायत चुनाव के लिए भाजपा नेतृत्व ने शुभेंदु-सुकांत पर जताया भरोसा

  • May 16, 2022
Khabar East:BJP-leadership-expressed-confidence-in-Shubhendu-Sukant-for-Panchayat-elections
कोलकाता, 16 मईः

राज्य में आसन्न पंचायत चुनाव के संपन्न होने तक प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में किसी पड़े फेरबदल की संभावना नहीं है। प्रदेश भाजपा के विश्वस्त सूत्रों ने बताया है कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष सुकांत और शुभेंदु अधिकारी की जोड़ी पर ही भरोसा जताया है। हाल ही में बंगाल दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों नेताओं को पश्चिम बंगाल में आसन्न पंचायत चुनाव के दौरान पार्टी को नए सिरे से मजबूत बना कर दोबारा कार्यकर्ताओं में जोश भरने की जिम्मेवारी सौंपी है।

 उल्लेखनीय है कि 2019 में पार्टी ने राज्य की 42 में से 18 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस लक्ष्य को बरकरार रखना 2024 के लिए पार्टी की बड़ी चुनौती है। ऐसे में पंचायत चुनाव में बेहतर प्रदर्शन पार्टी के लिए बेहद जरूरी हो गया है और इसी लक्ष्य के साथ अमित शाह ने सुकांत मजूमदार और शुभेंदु अधिकारी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इस काम में दिलीप घोष और अमिताभ चक्रवर्ती जैसे बड़े नेता इनके मददगार होंगे ।

 प्रदेश भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि लोकसभा चुनाव में महज दो साल रह गए हैं और ऐसे में अगर पार्टी के प्रदेश नेतृत्व में बदलाव किया जाता है तो नई कमेटी बनने और उसमें तालमेल बैठाने में ही वक्त बीत जाएगा। इससे प्रदेश भाजपा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी को नुकसान पहुंच सकता है। इसीलिए केंद्रीय नेतृत्व ने इन दोनों की जोड़ी पर ही भरोसा करने का निर्णय लिया है। इस बीच पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए अमित शाह के साथ-साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बंगाल दौरे भी होंगे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: