फर्जी लोन मामले में बैंक मैनेजर गिरफ्तार, 14 लाख की हेराफेरी का हुआ खुलासा

  • Jan 26, 2023
Khabar East:Bank-manager-arrested-in-fake-loan-case-fraud-of-14-lakhs-revealed
बिलासपुर,26 जनवरीः

दयालबंद में मां बेटे का अपहरण करने वाले भू-माफिया के साथ मिलकर 14 लाख का फर्जी लोन निकालने के आरोपी बैंक मैनेजर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद से आरोपी बैंक मैनेजर महाराष्ट्र के मुंबई में रह रहा था। पुलिस ने दबिश देकर उसे दबोच लिया। मामला कोटा थाना क्षेत्र का है।

उसलापुर के गुलमोहर पार्क कॉलोनी निवासी अजय सिंह पिता स्व. रामचंदर सिंह (45) रेलवे में ठेकेदार हैं। साल 2016 में वे घर बनाने के लिए जमीन खरीदना चाहते थे। इसी दौरान शुभम विहार निवासी कौशल सिंह ने गीतांजली सिटी के पास उन्हें जमीन दिखाई। जमीन पसंद आई तब पैसे कम पड़ गए। इस पर कौशल ने उसे कहा कि वह सेंट्रल बैंक कोटा से लोन दिलवा देगा।

इसके लिए उसे कोटा भी ले गया। कौशल ने अजय का परिचय सेंट्रल बैंक के मैनेजर मनीष तिवारी से कराया। बैंक मैनेजर ने 22 लाख रुपए लोन मिलने के बारे में बताया और डॉक्यूमेंट लेकर कुछ कागजात पर हस्ताक्षर कराए। कुछ दिन बाद पता चला कि जिस जमीन का अजय सिंह ने सौदा किया था, वह विवादित है। इसलिए उन्होंने जमीन लेने से इनकार कर दिया।

मामला सामने आने पर रेलवे ठेकेदार ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर आरोपियों के खिलाफ 17 नवंबर को ही कोटा थाने में केस दर्ज हुआ था। इसके बाद जांच के नाम पर पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही थी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने अग्रिम जमानत के लिए पूरा मौका दिया। इसलिए गिरफ्तारी में देरी की गई। इस बीच पुलिस ने नरेंद्र मोटवानी सहित अन्य आरोपियों को करीब दो माह पहले गिरफ्तार किया था। वहीं बैंक मैनेजर मनीष तिवारी फरार था। पुलिस ने महाराष्ट्र के मुंबई के बोरीवली में दबिश देकर बैंक मैनेजर मनीष तिवारी को पकड़ लिया। पुलिस उसे लेकर बिलासपुर आई और गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: