कोरोना वायरस की चपेट में आईं प्रदेश भाजपा महासचिव व सांसद लॉकेट चटर्जी को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने फोन कर उनका हाल जाना है। सीएम ममता ने बड़ी बहन की तरह साथ खड़े रहते हुए सभी प्रकार के सहयोग का आश्वासन दिया है। सांसद लॉकेट चटर्जी बीते शुक्रवार को कोरोना वायरस की चपेट में आ गईं। खुद उन्होंने इसकी जानकारी दी थी। उन्हें कोलकाता के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। शुक्रवार रात ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद पूरी रात आईसीयू में उनका इलाज चला। चिकित्सकों ने कहा है कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। हालांकि वह अभी अस्पताल भर्ती रहेंगी। शनिवार को उन्हें आईसीयू से केबिन में शिफ्ट किया गया है।गौरतलब हो कि पिछले कई दिनों से उन्हें बुखार आ रहा था। जिसके बाद वह होम आईसोलेशन में थीं। इसके साथ ही जांच के लिए उनके नमूने को भेजा गया था। शुक्रवार को आई रिपोर्ट से पता चला कि वह कोरोना पाॅजिटिव हैं। इसके बाद ही सांसद लॉकेट चटर्जी ने शुक्रवार को ट्वीट करते हुए कहा था कि पिछले एक सप्ताह से मुझे हल्का बुखार आ रहा था। सेल्फ आइसोलेशन में थी। आज सुबह मेरी कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अलावा सांसद देव ने लॉकेट चटर्जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। देव ने ट्वीट करते हुए कहा कि सुनकर खराब लग रहा है। दीदी स्वस्थ रहें। आप जल्द ही ठीक होकर वापस लौटेंगी। विरोधियों के अलावा बीजेपी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी लॉकेट चटर्जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।