सुंदरगढ़ और झारसुगुड़ा जिलों में 10वीं के कर्मकांड भोज से जुड़े दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं। पहली घटना सुंदरगढ़ जिले के हेमगिरि ब्लॉक अंतर्गत नुआडीही गांव में हुई, जहां 10वीं के भोज में खाना खाने के बाद दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम 10 अन्य लोग गंभीर दस्त से पीड़ित हो गए।
बीमार लोगों को हेमगिरि सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। मामले की जांच के लिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई है, जो घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाएगी।
इसी तरह की दूसरी घटना झारसुगुड़ा जिले के लखनपुर ब्लॉक के आताबीरा सोनाखाईं गांव में सामने आई, जहां कर्मकांड भोज का भोजन करने के बाद दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान झांसी खड़िया (40) और सुकांति खड़िया (60) के रूप में हुई है।
बताया गया है कि दोनों महिलाएं पिछले गुरुवार को सुंदरगढ़ जिले के नुआडीही गांव में काम करके लौटी थीं। वापस आने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और शुक्रवार को गंभीर हालत में उन्हें झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
डॉक्टरों ने दोनों घटनाओं में मौत का मुख्य कारण फूड पॉइजनिंग होने की आशंका जताई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अन्य बीमार लोगों की स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं।
इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से सामुदायिक कार्यक्रमों और कर्मकांड भोज के दौरान भोजन बनाने और खाने में साफ-सफाई तथा सावधानी बरतने की अपील की है।
दोनों जिलों में मामले की आगे की जांच जारी है, ताकि संक्रमण के वास्तविक स्रोत का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।