कोरोना वायरस के कारण झारखंड के खजाने को लगा 1100 करोड़ का झटका

  • Apr 06, 2020
Khabar East:Jharkhands-treasury-lost-1100-crore-due-to-corona-virus
रांची,06 अप्रैलः

कोरोना वायरस के कारण झारखंड के खजाने को 1100 करोड़ का झटका लगा है। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में जीएसटी का संग्रह 1059 करोड़ घट गया है। 2018-19 में जीएसटी का कुल संग्रह 23,916 करोड़ था। यह 2019-20 में घटकर मात्र 22,847 करोड़ रह गया। इस तरह जीएसटी में सालाना चार फीसदी का ह्रास कोरोना के संक्रमण से राज्य की अर्थव्यवस्था को हुए नुकसान की झलक दिखा रहा है। वित्तीय वर्ष के अंत में कारोबार में आई कमी से वस्तु एवं सेवाकर अचानक घटा है। यह पिछले साल के मार्च महीने की भी बराबरी नहीं कर सका। पिछले साल मार्च महीने में राज्य को 2,149 करोड़ का जीएसटी प्राप्त हुआ था। जो इस साल 100 करोड़ घटकर 2,049 करोड़ रह गया। इससे पहले के महीनों में जीएसटी संग्रह लगभग वृद्धि का ग्राफ दिखा रहा था। लेकिन कोरोना वायरस के प्रभाव के कारण पिछले तीन महीनों के उथल-पुथल ने काम-धंधों की कमर तोड़कर रख दी। हर साल मार्च महीने में जीएसटी का बड़ा हिस्सा जमा होता है। लेकिन मार्च में राजस्व की कमी ने साल के बाकी हिस्सों की आर्थिक उपलब्धियों पर पानी फेर दिया। इसके उलट देश में जीएसटी संग्रह का ग्राफ आठ फीसदी ऊपर गया है।

 वित्तीय वर्ष का अंतिम महीना मार्च होने के कारण सभी विभागों पर लक्ष्य पूरा करने का दबाव रहता है। पिछले वित्तीय वर्ष में लोकसभा और विधानसभा चुनाव से जूझने और राज्य में सत्ता परिवर्तन के कारण शिथिल पड़ी प्रशासनिक मशीनरी को मार्च में ही सबसे अधिक संग्रह की उम्मीद थी, लेकिन कोरोना के कारण यह उम्मीद धरी रह गई।

Author Image

Khabar East

  • Tags: