शहरी लोगों को ग्रामीण उत्पादों से रूबरू कराएगा ‘मिशन शक्ति’ मेला

  • Dec 04, 2019
Khabar East:Mission-Shakti-Mela-from-Dec-5
भुवनेश्वर,04 दिसंबरः

ओडिशा सरकार की ओर से यहां इड्को प्रदर्शनी मैदान में मिशन शक्ति मेला का आयोजन किया जा रहा है। मिशन शक्ति मेले का शुभारंभ गुरुवार पांच दिसंबर को किया जाएगा। इड्को प्रदर्शनी मैदान आयोजित हो रहा यह मेला 16 दिसंबर तक चलेगा। ओडिशा में अपनी तरह का यह पहला आयोजन है। यह  मेला महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को प्रदर्शित करने और उन्हें उपभोक्ताओं के साथ जोड़ने के प्रयास में काफी मददगार साबित होगा।

 महिला, बाल विकास और मिशन शक्ति मंत्री टुकुनी साहू गुरुवार की शाम को इस मेले का उद्घाटन करेंगी। यह मिशन शक्ति मेला 16 दिसंबर तक सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। इस मेले में स्वयं सहायता समूह की 262 महिलाओं समेत राज्यभर से 500 से ज्यादा महिलाएं भाग लेंगी।

 मिशन शक्ति आयुक्त सुजाता कार्तिकेयन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदर्शनी में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को 200 स्टॉल प्रदान किए जाएंगे। इस मेला के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों के संभावित उत्पादों को एक बड़े बाजार तक पहुंच मिलेगी। साथ ही स्वयं सहायता समूह में काम करने वाली महिलाओं को फायदा होने के साथ-साथ नई दिशा भी मिलेगी। अंत में उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य शहरी लोगों के बीच गांव के उत्पादों की बिक्री के बारे में समझना व अवगत कराना है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: