टाला ब्रिज पर अब सभी वाहनों की आवाजाही होगी बंद

  • Nov 30, 2019
Khabar East:Now-movement-of-all-vehicles-on-Tala-Bridge-will-be-closed
कोलकाता,30 नवंबरः

उत्तर 24 परगना जिले को कोलकाता से जोड़ने वाले टाला ब्रिज पर अब सभी वाहनों की आवाजाही बंद होने जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दिसंबर के दूसरे सप्ताह से ब्रिज को तोड़ा जायेगा। इसके पहले ही ब्रिज के दोनों तरफ बैरिकेड लगाकर सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी जायेगी। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष दुर्गापूजा से पहले कोलकाता के महत्वपूर्ण टाला ब्रिज पर बस समेत भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई थी। टाला ब्रिज से गुजरने वाली बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग का खाका भी तैयार किया गया। बसों के लिए वैकल्पिक रूट शुरू होने के बाद ब्रिज से केवल टैक्सी, एप कैब, मोटरसाइकिल जैसे छोटे वाहन ही आवाजाही की इजाजत दी गयी थी। ब्रिज के जर्जर हालत को लेकर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया था। परिवहन विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ऑटो का आवागमन जारी रहेगा। हालाकि रूट में परिवर्तन कर दिया जायेगा। अब सींथी से टाला ब्रिज तक एक तरफ से ऑटो चलेगा। वहीं श्यामबाजार से ब्रिज का जो अंश टूटेगा वहीं तक ऑटो चलेगा। ऐसे में ऑटो के किराये में भी कटौती की जायेगी। ब्रिज का नया माडल भी तैयार हो गया है। अब सवाल उठता है कि छोटे वाहनों का आवागमन किस ओर से होगा। परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार छोटे वाहनों को चिड़िया मोड़ एवं चीतपुर लॉकगेट की तरफ घुमा दिया जायेगा। परिवहन विभाग, पुलिस और बस मालिकों के बीच हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: