ओडिशा में कोरोना विस्फोट, 561 नये पॉजिटिव मरीज, संक्रमितों की संख्या 8000 के पार

  • Jul 03, 2020
Khabar East:Odisha-Sees-Biggest-Single-Day-Spurt-Of-561-Covid-19-Cases
भुवनेश्वर,03 जुलाईः

ओडिशा में कोरोना का विस्फोट कहर बरपा रहा है। विगत 24 घंटे में अबतक का सर्वाधिक 561 नये पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 8000 के पार पहुंच गई है। प्रदेश में 561 नये पॉजिटिव मरीज मिलने के साथ संक्रमितों की संख्या बढकर 8,106 हो गई है। इसके अलावा दो लोगों की मौत भी हुई है। राज्य में कोरोना वायरस से अबतक 29 लोगों की मौत हो चुकी है।

 इन नये मरीजों में 425 क्वारेंटाइन सेंटर में थे जबकि बाकी 136 स्थानीय मरीजों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए है। राज्य सूचना व जनसंपर्क विभाग की तरफ से शुक्रवार को यह जानकारी दी गई है।

वहीं, दूसरी ओर कोरोना से मरने वाले दोनों मृतक गंजाम जिले के रहने वाले थे। एक की उम्र 66 वर्ष जबकि दूसरे की उम्र 40 साल थी। राज्य में कोविड-19 से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 29 पहुंच गया है।

प्रदेश में शुक्रवार को पाए गए 561 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में सबसे ज्यादा 283 गंजाम के हैं। इसके बाद कटक में (81), रायगड़ा में (76), खुर्दा में (26), बरगढ़ में (21), बलांगीर में (19), मयूरभंज में (10), संबलपुर में (8), केंदुझर में (6), जगतसिंहपुर में ( 6), कलाहांडी में (5) और कोरापुट में (4) कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

 इसी तरह ढेंकानाल, जाजपुर और सुंदरगढ़ जिलों मे तीन-तीन, झारसुगुड़ा व केंद्रापड़ा में दो-दो तथा भद्रक और पुरी में एक-एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की पहचान हुई है।

इसके अलावा एनडीआरएफ के एक कर्मचारी की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह हाल ही में पश्चिम बंगाल में आए चक्रवाती तूफान के समय ड्यूटी पर गया।

पिछले 24 घंटे में गंजाम में 283 नये कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं और दो लोगों की मौत हुई है। गंजाम में पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1,850 हो गई है। इनमें से 1,090 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में फिलहाल 742 ऐक्टिव केस हैं। वहीं, अबतक 17 मरीजों की मौत हो चुकी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: