बोधगया में सेक्स गिरोह का पर्दाफाश, दो महिलाओं समेत 15 गिरफ्तार

  • Jan 22, 2022
Khabar East:Sex-gang-busted-in-Bodh-Gaya-15-including-two-women-arrested
गया,22 जनवरीः

बिहार के गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र की एक होटल में चल रहे सेक्स गिराह का पर्दाफाश हुआ है। मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें होटल का मैनेजर भी शामिल है। गिरोह कोलकाता के सोनागाछी से लड़कियां बुलाकर अनैतिक देह व्यापार करता था। पुलिस को शक है कि गिरोह से कुछ हाईप्रोफाइल लोग भी जुड़े हैं। गिरोह में शामिल लोगों के पास से 16 मोबाइल भी बरामद किए हैं। गिरोह के सरगना के मोबाइल में 1500 से ज्यादा ग्राहकों के मोबाइल नंबर दर्ज हैं। उन सभी नंबरों की जांच पुलिस कर रही है। एसएसपी आदित्य कुमार ने बताया कि सेक्स रैकेट और उससे जुड़े हुए ग्राहक में कई सफेदपोश और गया शहर के चिकित्सक भी शामिल हैं। इनकी भी पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। होटल के अलग-अलग कमरों से ग्राहकों को पकड़ा गया। पकड़े गए ग्राहक गया और आसपास के जिले के हैं। उन्होंने बताया कि इस अनैतिक धंधे में लिप्त दो लड़कियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जो कोलकाता के सोनागाछी से लाई गई थी।

 पुलिस के अनुसार देह व्यापार कराने के लिए लड़कियों को कोलकाता से अनुबंध पर बुलवाया जाता था। यहां उन लड़कियों से वेश्यावृत्ति कराई जाती थी। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ग्राहकों से 1500 रुपये लिए जाते थे। मामले में जांच जारी है। गिरोह से जुड़े कुछ हाईप्रोफाइल लोगों की भी कलई खोली जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों से उनके बारे में पूछताछ जारी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: