दुर्गा पूजा से पहले ही राज्य पुलिस के कर्मचारियों को मिला 'गिफ्ट'

  • Jun 09, 2026
Khabar East:State-police-personnel-received-a-gift-even-before-Durga-Puja
कोलकाता,09 जूनः

बंगाल पुलिस के कर्मचारियों को अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित कई शिकायतें थी लेकिन उसमें से एक शिकायत बार-बार उभरकर सामने आती है जिसमें कहा जाता है कि त्योहारों के सीजन में बिना छुट्टी के ही लगातार ड्यूटी करना पड़ता है। दुर्गापूजा के दौरान प्रत्येक पुलिसकर्मी अथवा होमगार्ड को लगभग 48 से 72 घंटे की ड्यूटी करनी पड़ती है। राज्य की भाजपा सरकार ने अब बंगाल पुलिस के कर्मचारियों की शिकायतों को दूर करते हुए बड़ी घोषणा की है। सरकार की नई घोषणा के मुताबिक दुर्गा पूजा अथवा त्योहार वाले दिन शायद छुट्टी न मिले लेकिन कोई पुलिसकर्मी अथवा होमगार्ड लगातार ड्यूटी करता है तो उसे अतिरिक्त 10 दिनों की छुट्टी दी जाएगी। यह नियम साल 2025 की दुर्गापूजा और अन्य सरकारी छुट्टी वाले दिनों में लगातार ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों व होमगार्ड पर भी लागू होगा और उन्हें 10 दिनों की अतिरिक्त छुट्टी प्रदान की जाएगी। गृह और पर्वतीय मामलों के विभाग की ओर इस बाबत विज्ञप्ति भी जारी कर दी गयी है।नई विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह नियम कोलकाता पुलिस, बंगाल पुलिस, होम गार्ड और वॉलेंटियर जैसे सभी स्तर के कर्मचारियों पर ही लागू होगी। हालांकि इसके लिए एक शर्त भी रखी गयी है।

  इस शर्त के मुताबिक साल 2025 की दु्र्गापूजा की छुट्टी अथवा राज्य सरकार की गेजेट में प्रकाशित छुट्टियों के दिनों में जिन कर्मचारियों ने कम से कम 7 दिनों की ड्यूटी की होगी, उन्हें ही 10 दिनों की अतिरिक्त छुट्टी पाने योग्य माना जाएगा। इसका अर्थ हुआ एक साप्ताहिक छुट्टी को मिलाकर कुल 8 दिनों की छुट्टी की भरपाई के साथ-साथ कोलकाता पुलिस, बंगाल पुलिस, होम गार्ड और वॉलेंटियर को 2 दिनों की अतिरिक्त छुट्टी प्रदान की जाएगी। बताया जाता है कि सिर्फ 2025 में ही नहीं बल्कि भविष्य में भी यह नियम लागू रहेगा। हालांकि शर्तों में यह भी कहा गया है कि अतिरिक्त छुट्टियों को 31 दिसंबर तक ले लेना होगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: