बिहार में कायम है कानून का राज, विकास के रास्ते पर बढ़ रहा प्रदेशः नीतीश कुमार

  • Dec 04, 2019
Khabar East:The-rule-of-law-continues-in-Bihar-the-state-is-growing-on-the-path-of-development-Nitish-Kumar
पटना,04 दिसंबरः

सीएम नीतीश कुमार अपने मुख्यमंत्रित्व काल की 12वीं बिहार यात्रा पर निकले हैं। मंगलवार से शुरू हुई जल जीवन हरियाली यात्रा के दूसरे दिन बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्वी चम्पारण जिले के अरेराज पहुंचे। वहां उन्होंने 1042 करोड़ रुपये की 96 योजनाओं का उद्घाटन व 493 योजनाओं का शिलान्यास  किया। इस मौके पर अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि हमने बिहार में कानून का राज स्थापित किया है। हम न्याय के साथ विकास के रास्ते पर हैं। उन्होंने किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि पुआल में आग लगने से खेत की उर्वरा शक्ति कम होती है इसलिए लोग इसे जलाए नहीं बल्कि मशीनों से उसका दूसरा उपयोग करें। किसान खेत में पुआल नहीं जलाए, इससे वायु प्रदूषण होता है। पुआल जलाने की प्रवृति को खत्म करना है। सीएम नीतीश ने घोषणा की कि फसल अवशेष को जलाने से बचने के लिए मशीन पर सरकार सब्सिडी देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे मनुष्य हो पक्षी हो या फिर जानवर सब को जल की जरूरत है। सीएम नीतीश ने लोगों से 19 जनवरी 2020 में आयोजित की जाने वाली मानव श्रृंखला में शामिल होने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम आपकी सभी समस्याओं पर नजर रहते हैं। महिलाओं के कहने पर हमने बिहार में शराब बंदी की। हमने खेती के लिए बिजली का दर घटा दिया है। वहीं, कृषि यंत्रों की खरीदारी के लिए सरकार सब्सिडी देगी।  मौसम के अनुकूल खेती होगी तो किसानों की आमदनी बढ़ेगी। सीएम ने कहा कि हरियाली को लेकर बड़े पैमाने पर पौधारोपण होगा। इसके तहत 8 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अपने संबोधन से पहले सीएम नीतीश ने स्वयं सहायता समूह के बीच 7.77 करोड़ का चेक वितरित किया। इससे पहले अनुमंडल क्षेत्र के पीपरा में मनरेगा पार्क, हेल्थ वेलनेस सेंटर, मनरेगा तालाब, ड्रिप सिंचाई से की गई आलू की खेती, कचरा प्रबंधन सहित कई कार्यो का जायजा भी लिया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: