लगातार बारिश से नदियों का बढ़ा जलस्तर, बाढ़ की आशंका

  • Aug 16, 2022
Khabar East:Water-level-of-rivers-increased-due-to-incessant-rains-fear-of-flood
रायपुर, 16 अगस्तः

 रायपुर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने भारी बारिश के बीच महानदी के जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि के मद्देनजर प्रशासन को विशेष निगरानी और सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने विशेष रूप से जांजगीर-चांपा और रायगढ़ जिलों में स्थिति की निगरानी के लिए प्रशासन से कहा है । आपदा प्रबंधन शाखा के प्रभारी अधिकारी से प्राप्त जानकारी अनुसार रायगढ़ जिला प्रशासन की ओर से तटवर्ती 41 पंचायतों के 67 गांवों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। जिले में फिलहाल 29 गांव बाढ़ से अधिक प्रभावित हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि छत्तीसगढ़ में हो रही लगातार बारिश की वजह से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। जिसके मद्देनजर प्रशासन द्वारा नदियों विशेषकर महानदी बेसिन के किनारे बसे गांवों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।रायपुर से लेकर रायगढ़ और जांजगीर-चांपा से लेकर बस्तर तक हालत बिगड़े हुए हैं। पामगढ़ में अस्पताल डूब गया है। प्रदेश की सबसे प्रमुख नदी महानदी के किनारे बसे गांव डूबने की कगार पर हैं। ऐसे में उन्हें खाली करा लिया गया है।कांकेर में भी कई गांव टापू बन गए हैं। सुकमा के कोंटा में एनएच-30 पांच दिन से बंद है।जांजगीर में लगातार बारिश के चलते चलते पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पानी भर गया है। अस्पताल में दर्जन भर से ज्यादा मरीज भर्ती हैं। परिसर सहित सभी वार्डों में पानी भर गया है।

  उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महानदी के जलस्तर में तेजी से हो रही बढ़ोत्तरी को देखते हुए जांजगीर-चांपा और रायगढ़ जिलों में नदी किनारे बसे गांवों में जिला प्रशासन को विशेष निगरानी और सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन महानदी के जलस्तर पर लगातार नजर रख रहा है और नदी किनारे नीची जमीन पर बसे गांवों और बस्तियों को खाली कराने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने का काम शुरू कर दिया गया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: