मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया मतदान, कहा- झामुमो और कांग्रेस का होगा पूरी तरह सफाया

  • Dec 07, 2019
Khabar East:Chief-Minister-Raghuvar-Das-voted-said---JMM-and-Congress-will-be-completely-eliminated
रांची,07 दिसंबरः

झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को यहां भालूबासा मतदान केंद्र में मतदान करने के बाद दावा किया कि संथाल परगना में भी भाजपा इस बार झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस की पूरी तरह सफाई कर देगी। झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 20 सीटों पर मतदान हो रहा है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में पूर्वाह्न लगभग 10 बजे सपरिवार मतदान किया। यहां त्रिकोणीय संघर्ष में उनका मुख्य मुकाबला उनके कैबिनेट साथी रहे सरयू राय से है जिन्होंने भाजपा से टिकट न मिलने के बाद मुख्यमंत्री को इसके लिए दोषी मानते हुए उनके ही खिलाफ मोर्चा खोल दिया और दास के खिलाफ चुनाव मैदान में उतर गए। इस सीट पर तीसरे प्रमुख उम्मीदवार कांग्रेस के गौरव वल्लभ हैं लेकिन मुख्य मुकाबला मुख्यमंत्री और सरयू राय में ही होता प्रतीत हो रहा है। रघुवर दास ने मीडिया से कहा कि उनकी सरकार ने पिछले पांच साल में आम लोगों के लिए बड़े पैमाने पर काम किए हैं जिसका परिणाम चुनावों के परिणाम में प्रतिबिंबित होगा। उन्होंने कहा कि झामुमो का गढ़ माने जाने वाले संथाल परगना में भी लोग उनकी सरकार के काम से इतना खुश हैं कि संथाल में भी झामुमो और कांग्रेस का इस बार खाता खुलना मुश्किल है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: