झारखंड के पूर्व सीएम मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा कांग्रेस में शामिल

  • Oct 11, 2018
Khabar East:Geeta-Koda-wife-of-former-Jharkhand-CM-Madhu-Koda-joins-Congress
रांची,11 अक्टूबरः

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। दिल्ली में राहुल गांधी की मौजूदगी में वह कांग्रेस में शामिल हुईं। गीता कोड़ा कोल्हान के जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उनके कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को कोल्हान में मजबूत आधार मिलेगा। सूत्रों के मुताबिक 2019 में गीता कोड़ा लोकसभा का चुनाव लड़ सकती हैं। मिशन 2019 के मद्देनजर झारखंड में भाजपा के खिलाफ विपक्षी पार्टियां लामबंद होने की कोशिश में हैं। आपसी खटास को खत्म कर विपक्षी महागठबंधन को धरातल पर उतारने की कवायद है। अगर यह सफल रहा, तो आने वाले विधानसभा चुनाव में तालमेल करने में आसानी रहेगी। कांग्रेस की दावेदारी 14 में से 8 लोकसभा सीट पर है। इसमें एक-दो सीटों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा, जेवीएम और राजद की भी नजर है। इन सीटों पर खींचतान भी हुई थी। लेकिन अब सामंजस्य बनाने की पहल गीता कोड़ा को कांग्रेस में शामिल कराकर किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह इस मुहिम में काफी दिनों से लगे हुए थे। उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात कर उनका मन टटोला है। हेमंत सोरेन कई बार कांग्रेस के आला नेताओं से मिल चुके हैं। झारखंड विकास मोर्चा(जेवीएम) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की है। इस दौरान जेवीएम महासचिव प्रदीप यादव के साथ-साथ झारखंड कांग्रेस के कई नेता भी मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक इस दौरान महागठबंधन को लेकर चर्चा हुई।

Author Image

Khabar East

  • Tags: