पिछले एक सप्ताह से राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी जारी है। गर्मी की वजह से लोग बाहर निकलने से घबराने लगे हैं। रायपुर सहित प्रदेश के दूसरे जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ के जिलों में 24 से 48 घंटे के दौरान हीटवेव चलने को लेकर मौसम विभाग ने आरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। दुर्ग में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। रायपुर में 44.02 डिग्री दर्ज किया गया था। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री के ऊपर चल रहा है। वैसे भी तेज गर्मी और हीटवेव से बचने के लिए जारी की गई एडवाइजरी में दोपहर 12:00 से शाम 4:00 बजे अनावश्यक घर से बाहर न निकले। 25 मई से छत्तीसगढ़ में नौतपा भी शुरू होने वाला है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि अधिकतम तापमान में और भी बढ़ोत्तरी हो सकती है। मौसम विभाग ने इसको लेकर चेतावनी जारी है।
अगले 24 घंटे के लिए जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट में प्रदेश के बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, रायपुर, बलौदा बाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और राजनादगांव जिले के एक दो स्थानों पर लू चलने की संभावना है। वहीं, अगले 24 घंटे के लिए जारी किए गए येलो अलर्ट में प्रदेश के सारंगढ़, भिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा जांजगीर चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले के एक दो स्थानों पर गर्म हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा अगले 48 घंटे के लिए जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट में बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, रायपुर, बलौदा बाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और राजनादगांव जिले के एक दो स्थानों पर लू चलने की संभावना है।