तितली तूफान को लेकर हाई अलर्ट पर झारखंड, राजधानी समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश

  • Oct 12, 2018
Khabar East:High-alert-in-Jharkhand-due-to-Titli-cyclone
रांची, 12 अक्टूबर:

चक्रवाती तूफान तितली ओडिशा से पार करते हुए झारखंड पहुंच रहा है। राज्‍य के दक्षिण-पूर्व क्षेत्र में बीती रात से ही तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई है। इन इलाकों में बूंदाबांदी के बीच तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने तितली को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। गुरुवार और शुक्रवार को राज्‍य के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी और पश्‍चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां के अलावा खूंटी जिले में गुरुवार को 64.5 से लेकर 115.5 मिमी बारिश का पूर्वानुमान है।शुक्रवार को इन इलाकों के साथ ही धनबाद, जामताड़ा, दुमका, बोकारो, पाकुड़, देवघर और गोड्डा जिले में भी बारिश की संभावना जताई गई है। ओडिशा के समीपवर्ती जिलों में 14 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान व्‍यक्‍‍त किया गया है।

तितली तूफान के कारण राजधानी रांची में भी झमाझम बारिश हो रही है। बुधवार रात से ही तितली के प्रभाव के कारण बूंदाबांदी हो रही थी। गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। हवा की स्पीड भी सामान्य से अधिक है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: