किसानों की सूची कम कर रही है ओडिशा सरकारः लेखाश्री

  • Jan 20, 2021
Khabar East:Odisha-Govt-shortening-farmers-list-Samantsinghar
भुवनेश्वर, 20 जनवरी:

प्रदेश भाजपा महासचिव लेखाश्री सामतसिंहार ने बुधवार को पिछले दो वर्षों में किसानों की सूची को कम करने पर राज्य सरकार की जमकर आलोचना की है। उन्होंने कहा कि ओडिशा सरकार ने पहले केंद्र सरकार को 40 लाख किसानों की सूची दी थी। लेकिन अब यह संख्या घटकर 10 लाख रह गई है। इससे बड़ी संख्या में किसानों को सरकारी समर्थन से वंचित किया जा रहा है।

 उन्होंने कहा कि मंडियों में धान की खरीद नहीं करने, टोकन जारी करने में अनियमितता और 10 से 15 किलो प्रति क्विंटल धान की कटौती के विरोध में भाजपा संबलपुर में एक विशाल किसान रैली करेगी। धान की खरीदारी ठीक से नहीं होने के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एफएक्यू के नाम पर 10 से 15 किलो धान काटा जा रहा है जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है। इन सभी कृत्यों के विरोध में कल यानी गुरुवार को संबलपुर में एक विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है।

 लेखाश्री ने कहा कि किसानों को केंद्रीय योजनाओं के तहत सहायता नहीं मिल रही है। भाजपा किसानों के साथ खड़ी है। ऐसे में गुरुवार को किसानों की रैली के बाद आरडीसी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: