जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत कुद गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की संदिग्ध मौत हो गई है। घटना के पीछे का कारण अवैध रूप से महुआ शराब बनाना बताया जा रहा है। वहीं, एक व्यक्ति का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।बताया जा रहा है कि पुलिस के भय के कारण अवैध रूप से महुआ निर्माणाधीन सेफ्टी टैंक में रखा गया था। देर रात महुआ निकालने के लिए चमेली देवी टंकी में उतरी और वह बेहोश हो गई। उसे निकालने के लिए मदन साव टंकी में उतरे और वह भी बेहोश हो गया। इसके बाद दोनों को बचाने के लिए चमेली देवी का बेटा रवि साहू टंकी में उतरा, लेकिन वह भी बेहोश हो गया।कुछ देर बाद जब तीनों लोग घर नहीं लौटे तो मृतक चमेली देवी के पति आनंद साव भी टंकी में उतरे। जब वह भी कुछ देर बाद वापस नहीं लौटे तो परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे तो देखा कि टंकी में सभी लोग बेहोश पड़े हुए हैं। कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया और आनन फानन में सभी को शेख भिखारी मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने आनंद साव को छोड़कर बाकी सभी लोगों को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल आनंद साव का इलाज अस्पताल में चल रहा है।डॉक्टरों का कहना है कि दम घुटने से सभी की मौत हुई है।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि महुआ रखने के दौरान टंकी का स्लैब बंद कर दिया गया था। जिससे महुआ का गैस बाहर नहीं निकल पाई और लोगों की दम घुटने से मौत हो गई।
इधर, घटना को लेकर कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि तीन लोगों की संदिग्ध मौत हुई है। मौत के पीछे का कारण क्या है, इसे लेकर जांच किया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद कई बातों का खुलासा होगा। साथ ही मौत का कारण भी पता चल सकेगा।