देवघर एम्स के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

  • Jul 19, 2025
Khabar East:President-Draupadi-Murmu-will-attend-the-first-convocation-of-Deoghar-AIIMS
देवघर,19 जुलाईः

देवघर एम्स में 31 जुलाई को आयोजित होने वाले पहले दीक्षांत समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। राष्ट्रपति के आगमन की सूचना मिलते ही देवघर जिला प्रशासन और एम्स प्रबंधन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और एम्स प्रबंधन के बीच समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है। देवघर एम्स का यह पहला दीक्षांत समारोह है, जिसे भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम का आयोजन एम्स के ऑडिटोरियम में होगा, जहां लगभग एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। एम्स प्रबंधन ने सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी हैं, और तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। 48 छात्रों को मिलेगी डिग्री, चार को मेडल दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 48 छात्रों को डिग्री प्रदान करेंगी। इनमें से चार मेधावी छात्रों को विशेष सम्मान मिलेगा, जिसमें एक छात्र को गोल्ड मेडल, एक को सिल्वर मेडल, एक को ब्रॉन्ज मेडल और एक अन्य छात्र को डिग्री दी जाएगी। शेष छात्रों को एम्स प्रबंधन और विशिष्ट अतिथियों द्वारा डिग्री वितरित की जाएगी।

 देवघर के उपायुक्त रवि कुमार ने बताया कि राष्ट्रपति 31 जुलाई को एम्स के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी और इसके बाद अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगी। फिलहाल, बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा करने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, यदि राष्ट्रपति मंदिर में पूजा की इच्छा जताती हैं, तो जिला प्रशासन इसकी भी पूरी तैयारी करेगा।

 राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने परिवहन और पुलिस विभाग को वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि राष्ट्रपति का देवघर दौरा पिछले महीने 10 और 11 जून को प्रस्तावित था, लेकिन आवश्यक कार्यों के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। अब एक बार फिर उनके आगमन की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन और एम्स प्रबंधन इस आयोजन को यादगार बनाने में जुट गए हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: