बिहार में महापर्व छठ को लेकर लोगों में उत्साह, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

  • Nov 13, 2018
Khabar East:Rigorous-security-arrangements-for-people-in-Bihar-about-the-Maha-Parv-Chhath
पटना, 13 नवम्बरः

महापर्व छठ को लेकर बिहार समेत देश के कई राज्यों में उत्साह का माहौल बना हुआ है। इस पर्व के लिए राजधानी पटना पूरी तरह से भक्तिमय हो गयी है। यहां लोग आज अस्ताचल सूर्य को अर्ध्य देंगे। जिसके मद्दे नजर सफाई-सफाई से लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। छठ की छटा आज पूरी राजधानी में छाई हुयी है। घर से लेकर घाट तक, गलियों से लेकर सड़कों तक... हर तरफ आकर्षक सजावट दिख रही है। पुलिस प्रशासन भी अलर्ट है।

छठ को लेकर राजधानी पटना समेत पूरे बिहार के घर-घर में छठ के गीत गूंजने लगे हैं। केलवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मेड़राय, आदित लिहो मोर अरगिया., दरस देखाव ए दीनानाथ., उगी है सुरुजदेव., हे छठी मइया तोहर महिमा अपार., कांच ही बास के बहंगिया बहंगी लचकत जाय ..... , गीत सुनने को मिल रहे हैं। पटना नगर निगम की ओर से शहर के पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर बने तालाबों में गंगाजल डाला जा रहा है। गंगाजल अस्थायी और स्थायी दोनों प्रकार की तालाबों में नि:शुल्क डाला जा रहा है। छठ घाट पर पुख्ता चिकित्सीय इंतजाम रहेंगे। आपात परिस्थिति में एंबुलेस की मदद ली जा सकती है।

राज्य सरकार ने हर छठ घाट पर सुरक्षा तय करने के लिए जिला प्रशासन को आदेश दिया है। प्रमुख घाटों पर गोताखोंरों के साथ पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है, जिससे किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं हो। राजधानी में गंगा घाटों की सुरक्षा पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। खासकर, किसी भी तरह की कोई भगदड़ न मचे, इसका ख्याल रखने की पूरी कोशिश जिला प्रशासन कर रहा है।

 

Author Image

Khabar East