तेज रफ्तार कार के पलटने से तीन की मौत, दो घायल

  • Sep 16, 2021
Khabar East:Three-killed-two-injured-after-speeding-car-overturns
रामगढ़,16 सितंबरः

रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में बुधवार को कार पलट जाने के कारण तीन लोगों की मौत हो गई। कुजू थाना क्षेत्र के बोंगावार कोइरीखेत के समीप फोरलेन सड़क पर तेज गति से जा रही कार असंतुलित होकर पलट गई। इससे कार में सवार पांच लोग घायल हो गए।

इनमें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाते समय दो लोगों ने रास्ते में दम तोड़ दिया जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य की मौत रांची रिम्स में इलाज के दौरान हो गई। घटना बुधवार की सुबह 6:55 बजे की है। कार पर सवार सभी लोग बिहार के शेखपुरा जिला अंतर्गत बरबीघा थाना क्षेत्र के रामपुर सिमडिहा के रहने वाले थे। वे लोग पूजा करने रजरप्पा मंदिर जा रहे थे।

मृतकों की पहचान चालक 25 वर्षीय मोहित कुमार सिंह (पिता प्रमोद सिंह), 26 वर्षीय गोलू कुमार सिंह (पिता शैलेंद्र सिंह) और 30 वर्षीय दीपक कुमार झा (पिता ललन झा) के रूप में हुई है। बताया गया है कि लगातार हो रही वर्षा के बीच तेजगति होने के कारण कार एकाएक पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार पांच बार पलटने के बाद पास में बन रहे एक मकान की निर्माण सामग्री के पास जाकर फंस गई। वहां ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए पलटी हुई कार को सीधा कर सवार सभी पांच लोगों को बाहर निकाला। बाद में 108 एंबुलेंस बुलाकर सभी लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

इस दुर्घटना में दो अन्य रैकी कुमार सिंह, (पिता विजय सिंह) व ऋषु कुमार सिंह (पिता शिबू सिंह) को भी चोट लगी है। इनका रिम्स में इलाज के तहत एमआरआई कराया गया है। इधर, कुजू ओपी पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लिया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: