झारखंड सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 81 अधिकारियों का तबादला-पदस्थापन किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग में अधिसूचना जारी कर दी है। पलामू के डीटीओ जितेंद्र कुमार यादव को मानगो नगर निगम का अपर नगर आयुक्त बनाया गया है। सरायकेला खरसावां के डीटीओ गिरिजा शंकर महतो को सिमडेगा में अपर समाहर्ता की जिम्मेदारी दी गई है। गुमला के डीटीओ ज्ञान शंकर जायसवाल निदेशक प्रशासन, गृह (कारा) निदेशालय बनाए गए हैं। गोड्डा के भूमि सुधार उप समाहर्ता रितेश जायसवाल को झारखंड संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के विशेष कार्य पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, देवघर के डीटीओ शैलेश कुमार प्रियदर्शी, ऊर्जा विभाग के उप सचिव बनाए गए हैं। कोडरमा के जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप कुमार शुक्ला को कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग में उपसचिव बनाया गया है। जमशेदपुर के डीटीओ धनंजय को अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) रांची की जिम्मेदारी दी गई है। रामगढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुराग कुमार तिवारी पूर्वी सिंहभूम के अपर उपायुक्त बने हैं। गुमला के अनुमंडल पदाधिकारी राजीव नीरज उसी जिले में अपर समाहर्ता बनाए गए हैं। हजारीबाग के डीटीओ वैद्यनाथ कामती को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग में उप सचिव बनाया गया है।
इसके अलावा रांची नगर निगम के उप-नगर आयुक्त गौतम प्रसाद साहू को ग्रामीण विकास विभाग में उप-सचिव बनाया गया है। साहिबगंज के डीटीओ मिथिलेश कुमार चौधरी रिनपास के उपनिदेशक बने हैं।