सफेदपोश गुंडों को सलाखों के पीछे पहुंचाने भाजपा की सरकार जरुरीः रघुवर दास

  • Oct 16, 2019
Khabar East:BJP-government-needed-to-bring-white-collar-goons-behind-bars-Raghuvar-Das
धनबाद,16 अक्टूबरः

झारखंड विधानसभा चुनाव- 2019 की घोषणा होने से पूर्व ही मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सत्ता में वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है। वह सूबे की जनता को साधने के लिए जोहार जनआशीर्वाद यात्रा कर रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गृहमंत्री अमित शाह ने 18 सिंतबर को जामताड़ा में पार्टी का झंडा दिखाकर मुख्यमंत्री को यात्रा पर रवाना किया था। यात्रा तीसरे चरण में पहुंच गयी है। इस क्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास बुधवार को धनबाद पहुंचे। धनबाद जिले के निरसा विधानसभा क्षेत्र से उन्होंने जोहार जनआशीर्वाद यात्रा को आगे बढ़ाया। इस जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान खचाखच भीड़ को देखते हुए उन्होंने कहा कि आज आपके अपार जनसमर्थन ने ये संदेश दे दिया है कि निरसा की जनता अब बदलाव चाहती है। निरसा की जनता अब भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को अपना आशीर्वाद देगी। एक स्थिर सरकार, विकास करने वाली सरकार, आपकी जरुरतों को समझने वाली सरकार, सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही दे सकती है। देश ने 2014 और 2019 में भारतीय जनता पार्टी को जनादेश दिया क्योंकि जन-जन को हमारी नीति और नीयत पर विश्वास है। उन्होंने कहा कि आज हमारे किसान इजरायल जा रहे हैं, कृषि की उन्नत तकनीक सीख रहे हैं, क्या ये 5 साल पहले नहीं हो सकता था, क्या किसानों की समृद्धि के लिए ये काम जेएमएम और कांग्रेस की सरकार नहीं कर सकती थी। नहीं, ये उनके एजेंडे में था ही नहीं, उनके एजेंडे पर सिर्फ भ्रष्टाचार था।

इस दौरान कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर को कांग्रेस ने एक परिवार के फायदे के लिए इस्तेमाल किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर को धारा 370 और 35ए से आजादी दिलाई तो कांग्रेस और जेएमएम वाले पाकिस्तान की भाषा बोलने लगे,पाकिस्तान के दोस्तों को झारखण्ड की जनता माफ नहीं करेगी। यहां कोयला माफिया और सफेदपोश गुंडों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार जरुरी है। पांच साल में हमने कोयला माफिया के आतंक को खत्म करने का काम किया है । दुनिया ने मार्क्सवादी विचारधारा को भी नकार दिया है। निरसा में अबकी बार डबल इंजन की सरकार क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएएगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: