पश्चिम बंगाल में अकेले ही चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

  • Dec 13, 2018
Khabar East:Congress-will-contest-alone-in-West-Bengal
कोलकाता,13 दिसंबरः

तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में जीत से उत्साहित पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि कांग्रेस को कभी भी साइन बोर्ड में तब्दील नहीं किया जा सकता है। उनका इशारा तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी की ओर था। तृणमूल के साथ ही भाजपा को भी निशाने पर लेते हुए कांग्रेस नेताओं ने कटाक्ष किया कि कांग्रेस मुक्त भारत का सपना देखने वाले भाजपा नेताओं को जनता से सबक लेना चाहिए कि कांग्रेस मुक्त भारत करना असंभव है। काफी दिनों बाद उत्साह में दिखे वर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सोमेन मित्रा, पूर्व अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी, प्रदीप भट्टाचार्य, नेता प्रतिपक्ष अब्दुल मन्नान, दीपादास मुंशी, मनोज चक्रवर्ती तथा बंगाल के प्रभारी व सांसद गौरव गोगोई को एक मंच से एक ही स्वर में बोलते हुए देखा गया। सभी नेताओं ने स्पष्ट कर दिया कि दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस, पार्टी के साथ कोई भी जुगलबंदी करे, बंगाल में उसे कांग्रेस से मुकाबला करना ही होगा। अर्थात कांग्रेस पश्‍चिम बंगाल में अकेले अपने दम पर ही चुनाव लड़ेगी। धर्मतल्ला में हुई संक्षिप्त समय की नोटिस पर काफी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए नेताओं ने 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारी का भी पैगाम दिया। सोमेन मित्रा ने कहा कि कांग्रेस को कभी भी साइन बोर्ड नहीं बनाया जा सकता। कांग्रेस मुक्त भारत का सपना भी भाजपा का साकार नहीं होगा। तीन राज्यों की जनता ने यह दिखा दिया है। उन्होंने राज्य में अकेले चुनाव लड़ने की बात भी कही। मित्रा ने कहा कि चुनावों में हार-जीत होती ही रहती है। अधीर ने कहा कि कांग्रेस अकेले अपनी ताकत के साथ मुकाबला करेगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: