पर्यावरण जागरूकता के लिए मानव श्रृंखला में जुड़ेंगे चार करोड़ लोग

  • Jan 17, 2020
Khabar East:Four-crore-people-will-join-the-human-chain-for-environmental-awareness
पटना,17 जनवरीः

पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता के लिए 19 जनवरी को बिहार में बनने वाली मानव श्रृंखला की अंतिम तैयारी में अधिकारी जुटे हुए हैं। अधिकारियों ने लोगों से इस मानव श्रृंखला में शामिल होने की अपील की है और दावा किया है कि इसमें लगभग तीन करोड़ लोग शामिल होंगे। अपराह्न 11.30 से 12 बजे तक बनने वाली यह मानव श्रृंखला पर्यावरण के प्रति जागरूकता को प्रदर्शित करेगी। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत बनने वाली इस मानव श्रंखला के 16,351 किलोमीटर लंबी होने की उम्मीद है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव आऱ क़े महाजन ने बताया कि "करीब 16,351 किमी लंबाई की मानव श्रृंखला बनेगी, जिसमें 5,052 किमी मुख्य मार्ग की लंबाई होगी, और 11,299 किमी उपमार्ग की लंबाई होगी। दो हजार लोग प्रति किलोमीटर की दर से 4 करोड़ 27 लाख की संख्या होगी।" उल्लेखनीय है कि इससे पहले बिहार में शराबबंदी को लेकर जनजागरूकता अभियान के तहत 21 जनवरी, 2017 को तथा 21 जनवरी, 2018 को दहेज और बाल विवाह के खिलाफ भी मानव श्रृंखला बनाई गई थी। 19 जनवरी को बनने वाली राज्यव्यापी मानव श्रृंखला के लिए पटना में गांधी मैदान में मानव श्रंखला के प्रस्थान बिन्दु होगी। गांधी मैदान से चारों दिशाओं में मानव श्रृंखला का प्रस्थान होगा, जो एक दूसरे से जुड़ते हुए राज्य के सभी जिले आपस में श्रृंखलाबद्घ होंगे। गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई मंत्री एक दूसरे के हाथ से हाथ थामे खड़ा रहेंगे। सभी जिलाधिकारियों को यातायात के सुलभ संचालन के निर्देश दिए गए हैं।

 उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में कहा कि गरीब राज्य और इतनी घनी आबादी होने के बावजूद यहां मानव श्रृंखला बनाना बड़ी बात है। पर्यावरण के प्रति यहां के लोगों की यह कोशिश है, जो बहुत बड़ी श्रृंखला के रूप में दिखेगा। यह मानव श्रंखला पर्यावरण के लिहाज से बहुत बड़ा रिकॉर्ड होगा। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी और अन्य पदाधिकारी एक-एक चीज का ठीक से आंकलन कर लें।

Author Image

Khabar East

  • Tags: