झारखंड में लोकसभा चुनाव में भाजपा को कांटे की टक्कर देने विपक्षी पार्टियां गठबंधन कर चुनाव लड़ने में समहत

  • Oct 23, 2018
Khabar East:In-the-Lok-Sabha-elections-in-Jharkhand-the-BJP-combine-opposition-to-contesting-the-election-by-combating-opposition-parties
रांची, 23 अक्टूबरः

2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में झारखंड की सत्ताधारी भाजपा को कांटे की टक्कर देने के लिए अब विपक्षी पार्टियां गठबंधन बनाकर चुनाव लड़ेंगे। इसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने दी है। उन्होंने कहा कि चार विपक्षी पार्टियां कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा(झामुमो), राष्ट्रीय जनता दल(राजद), झारखंड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक(जेवीएम-पी) गठबंधन कर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता किशोर शहदेव ने बताया, शुरुआती दौर की बातचीत नई दिल्ली में हुई है। कांग्रेस, झामुमो, राजद और जेवीएम-पी ने एक साथ चुनाव लड़ने के लिए सैद्धांतिक रूप से सहमति जताई है। सीट बंटवारे को लेकर दूसरे दौर की बातचीत भी इस माह के अंतिम सप्ताह में नई दिल्ली में ही होगी।

झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा, हमने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) को हराने के लिए लोकसभा चुनाव में गठबंधन कर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। आने वाले दिनों में सीट बंटवारे को लेकर निर्णय लिया जाएगा। कांग्रेस और झामुमो ने पहली बार 2004 में गठबंधन किया था और 14 में से 13 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

कांग्रेस, झामुमो और राजद ने 2014 लोकसभा चुनाव भी एकसाथ लड़ा था, लेकिन चुनाव में इसका ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा था। भाजपा ने अकेले ही 14 लोकसभा सीटों में से 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बीच, कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि वाम दलों ने भी गठबंधन का हिस्सा बनने को लेकर संपर्क किया है। कांग्रेस के एक सूत्र ने आईएएनएस से कहा, गठबंधन में वाम दलों की भूमिका स्पष्ट नहीं है। पार्टी के केंद्रीय नेता इस मामले पर निर्णय लेंगे।

Author Image

Khabar East