जेपी नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से ओडिशा में बीजद सरकार को हटाने का किया आह्वान

  • Sep 29, 2022
Khabar East:Nadda-Exhorts-BJP-Workers-To-Dislodge-BJD-Govt-In-Odisha
भुवनेश्वर,29 सितंबरः

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार को भुवनेश्वर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2024 के चुनाव में राज्य से बीजू जनता दल (बीजद) सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की विकास योजनाओं और ओडिशा में बीजद सरकार की कथित विफलताओं के बारे में ओडिशा के लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया।

 नड्डा ने यहां जनता मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीजद सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। यहां रक्षक अपराधी हैं। हत्या के मामलों में कम से कम तीन मंत्री शामिल थे। बीमार महिलाओं को साइकिल से अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। राज्य सरकार लोगों को एम्बुलेंस सेवा प्रदान करने में विफल रही है

 भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजद सरकार नवनिर्मित घरों पर ओडिशा की बीजू पक्का घर योजना का लोगो चिपकाकर केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) की गलत ब्रांडिंग कर रही है।

बीजद सरकार ने ओडिशा में कम से कम 60 लाख पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के लाभ से वंचित करने का कुकृत्य किया है। भाजपा कार्यकर्ताओं को 2024 के चुनाव में बीजद सरकार को गिराने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।

 भाजपा अध्यक्ष ने पुरी श्रीमंदिर के रत्न भंडार (खजाना घर) को खोलने और उसके क़ीमती सामानों की सूची बनाने में कथित रूप से अनिच्छा को लेकर बीजद सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि यहां तक ​​कि पुरी श्रीमंदिर का रत्न भंडार भी बीजद शासन में असुरक्षित है। नड्डा ने दावा किया कि बीजद और कांग्रेस पार्टी वंशवाद की राजनीति में विश्वास करती है। भाजपा अध्यक्ष ने केंद्र में भाजपा सरकार की उपलब्धि को सूचीबद्ध करते हुए भारत में कोविड-19 महामारी के सफल प्रबंधन और लोगों के लिए मुफ्त टीकाकरण के प्रावधान पर प्रकाश डाला।

 नड्डा ने कहा कि केंद्र ने ओडिशा को 20.5 लाख पक्के घर दिए हैं। राज्य में 14.5 लाख घरों में बिजली पहुंचाने के लिए कदम उठाए गए हैं। कम से कम 4.40 लाख उड़िया युवाओं को ऋण दिया गया है। पीएम किसान योजना के तहत लगभग 4 लाख किसानों को सहायता प्रदान की गई है। ओडिशा में कुल 87 एकलव्य स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: