बच्चे को जन्म देने के 10 दिन बाद डेंगू ने ली प्रियंका की जान, नवजात अस्पताल में भर्ती

  • Nov 14, 2018
Khabar East:10-days-after-giving-birth-to-child-dengue-life-of-Priyanka-newborn-hospital-recruitment
हावड़ा, 14 नवम्बरः

बच्चा जन्म होने के 10 दिन बाद ही अनाथ हो गया। अपने बच्चे को जन्म देने के 10 दिन बाद ही प्रियंका जायसवाल नाम की एक महिला की डेंगू ने ले ली जान। प्रियंका का ससुराल बेलूड़ थाना अंतर्गत गिरीश घोष रोड इलाके का रहने वाला है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बेलूड़ के एक नर्सिंग होम में प्रियंका को प्रसव पीड़ा होने के दौरान ही भर्ती कराया गया। तीन दिन बाद वहां तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें शिवपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। यहां एक दिन तक रखने के बाद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। वहां से प्रियंका को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भेजा गया, जहां रविवार देर रात उनकी मौत हो गयी।

नवजात को भी डेंगू होने की खबर है। उसे भी कोलकाता के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। मृतका के पति संदीप जायसवाल लौह व्यवसायी हैं। परिजनों का आरोप है कि इलाके में सफाई का अभाव है। मच्छरों को रोकने के लिए दवाई का छिड़काव नहीं किया जाता है। छठ पूजा से पहले बहू की मौत हो गयी। स्थानीय पार्षद सीमा भौमिक ने कहा कि प्रसव होने के तीन दिन बाद डेंगू होने की पुष्टि हुई। घटना बेहद दुखद है। साफ-सफाई पर मैं खुद नजर रखती हूं।

 

Author Image

Khabar East