तबीयत खराब होने से बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह का झारखंड दौरा रद्द

  • Jan 17, 2019
Khabar East:BJP-president-Amit-Shah-canceled-Jharkhand-tour-due-to-poor-health
रांची,17 जनवरीः

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का झारखंड दौरा रद्द हो गया है। अचानक तबीयत खराब होने के कारण उनका दौरा कैंसिल हुआ है।  वे 19 जनवरी को गोड्डा आने वाले थे। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ता समागम करने वाले थे। सांसद निशिकांत दुबे ने दौरा स्थगित होने की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक बीजेपी अध्यक्ष को स्वाइन फ्लू हो गया है। उन्हें इलाज के लिए बुधवार को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। शाह ने ट्विटर पर खुद इसकी जानकारी दी। अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘‘ मुझे स्वाइन फ्लू हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है। ईश्वर की कृपा, आप सभी के प्रेम और शुभकामनाओं से शीघ्र ही स्वस्थ हो जाऊंगा।’’ एम्स के सूत्रों के मुताबिक, शाह को सीने में जकड़न और सांस लेने में परेशानी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। वे रात करीब नौ बजे अस्पताल पहुंचे थे और उन्हें पुराने निजी वार्ड में भर्ती किया गया है। एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया की निगरानी में डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: