राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में अब लोगों को कड़ाके की ठंड सताएगी। बुधवार सुबह से ही बंगाल की खाड़ी में हुए निम्न दबाव का असर राजधानी के आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है। सुबह से ही चारों तरफ कोहरे और तेजी से शुष्क हवाएं चल रही हैं। इसके कारण ठंड भी थोड़ी सी बढ़ गई है। इधर, राज्य के मौसम को लेकर मौसम विभाग केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि पिछले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहा। वहीं, अगले पांच दिनों के मौसम का पूर्वानुमान तापमान जारी करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य के दक्षिण पूर्वी भाग (जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान) में 8-9 और 10 दिसंबर को सुबह के समय कोहरे के साथ बादल छाए रहेंगें। इसके बाद मौमस शुष्क हो जाएगा।
मौसम विभाग केंद्र की तरफ से जानकारी मिली है कि अगले कुछ दिनों जिसमें 8-9 और 10 दिसंबर को आसमान में बादल छाए और चारों तरफ कोहरे ही कोहरे नजर आएंगे। विभाग ने बताया कि राज्य में समेत सभी जिलों में बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का असर दिख रहा है। उन्होंने बताया कि यह चक्रवात के रुप में भी बदल सकता है। इसके कारण हवाओं की गति में बदलाव होगा जिससे राज्यभर में कड़ाके की ठंड के साथ हवाएं चलेगी, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ेगी।