पैरा एथलीटों की अनदेखी कर रही है राज्य सरकारः प्रमोद भगत

  • Oct 17, 2018
Khabar East:State-Government-is-ignoring-Para-athletes-said-by-Pramod-Bhagat
भुवनेश्वर, 17 अक्टूबरः

कुछ दिन पहले इंडोनेशिया में हुए एशियाई खेल में देश के लिए पदक लाने वाली ओडिया बेटी दुती चांद की जिस तरह से ओडिशा सरकार ने सहायती की थी और उन्हें जिस तरह से नकद पुरस्कार से नवाजा गया था उस तरह की सहायता और पुरस्कार हमें अब तक नहीं दिया गया। पैरा एथलीटों की राज्य सरकार अनदेखी कर रही है। बुधवार को राजधानी भुवनेश्वर के बीजू पटनायक हवाई अड्डे में पत्रकारों से बातचीत करते हुए इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित पैरा-एशियाई खेल 2018 में पुरुषों के एकल एसएल 3 क्लास बैडमिंटन में भारत के लिए स्वर्ण और डबल्स इवेंट में कांस्य पदक जीतने वाले ओडिशा के बेटे प्रमोद भगत ने उक्त बाते कही है। भगत ने कहा कि ओडिशा में कई सारे पैरा खिलाड़ी मौजूद हैं। लेकिन उन्हें किसी भी प्रकार की कोई सुविधा नहीं मिल रही है। जिसकी वजह से वे लोग आज बहुत ही पीछे रह गए हैं। सरकार अगर इस पर ध्यान देगी तो ओडिशा के लिए और भी मेडल लाया जा सकता है

पैरा-एशियाई खेल 2018 से अपने घर ओडिशा लौटने के बाद भगत ने कहा कि यह एशियाई खेल मेरे लिए काफी महत्वपूर्ण था। इसके लिए मैने कड़ी मेहनत की थी। इस इवेंट में जाने के चार महीने पहले मैं लखनऊ के वीर गोविंद साई स्पोर्ट्स हास्टेल में ट्रेनिंग ले रहा था। इस बीच मुझे काफी चोट भी लगी थी। एशियाई खेल 2018 में चुने जाने के बाद मेरा सपना था भारत और ओडिशा के लिए कुछ कर दिखाने का, जो अब पूरा हुआ है

उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित पैरा-एशियाई खेल 2018 में भारतीय एथलीटों में ओडिशा के दो एथलीट शामिल थे। महिला फर्राटा जयंती बेहरा और शटलर प्रमोद भगत ने भारत के लिए प्रतिनिधित्व किया था। महिला 200 और 400 मीटर की रेस में जयंती बेहरा ने कांस्य और रजत पदक देश के नाम किया था। जबकि प्रमोद भगत ने पुरुषों के एकल एसएल 3 क्लास बैडमिंटन में स्वर्ण और डबल्स में कांस्य पदक भारत के नाम किया था।

गौरतलब है कि 18वें एशियाई खेलों में महिलाओँ के 100 और 200 मीटर की रेस में रजत पदक जीतने पर राज्य सरकार ने दुती चांद को बतौर पुरस्कार 3 करोड़ रूपये देने की घोषणा की थी। ओडिशा एथलेटिक एसोसिएशन (ओओए) ने दुती को 50 हजार रुपए के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी।

Author Image

Khabar East