बिहार में 'पेथाई तूफान' का असर, कई इलाकों में तेज बारिश

  • Dec 18, 2018
Khabar East:The-effect-of-Pethai-hurricane-in-Bihar-heavy-rainfall-in-many-areas
पटना,18 दिसंबरः

बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान पेथाई का असर अब बिहार में भी देखने को मिल रहा है। बिहार के कई इलाकों में दो दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं। वहीं, राजधानी पटना में सोमवार रात से ही बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जबकि बारिश के कारण सुबह स्कूल और ऑफिस जाने में लोगों को देरी हो रही है। प्रदेश के कई इलाकों में हो रही बारिश पर मौसम विभाग का कहना है कि पेथाई के प्रभाव के कारण पांच डिग्री सेल्सियस तक तापमान नीचे जा चुका है। मंगलवार का दिन पटनावासियों के लिए कठिन रहने वाला है। सोमवार देर रात से लगातार हो रही बूंदाबांदी ने ठंड के एहसास को बढा दिया। सुबह बारिश होने के कारण पटना के ज्यादातर इलाकों में लोग छाता लेकर बाहर निकलते हुए नजर आए। पटना में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं गया का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना में तो पांच से सात किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलीं। पछुआ हवा के प्रभाव से लोगों को ठंढ का ज्यादा एहसास हुआ। आनेवाले दिनों में ठंड का प्रभाव और बढ़ने की आशंका है। हलांकि जानकार मानते हैं कि इस तरह का ठंढ फसलों के लिए अच्छा है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: