झारखंड की मांडर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी तिर्की जीतीं, जनता और पार्टी का जताया आभार

  • Jun 26, 2022
Khabar East:Congress-candidate-Tirkey-won-from-Mandar-seat-of-Jharkhand-expressed-gratitude-to-the-public-and-the-party
रांची,26 जूनः

झारखंड की मांडर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी शिल्पी नेहा तिर्की जीत गई हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी गंगोत्री कुजूर को हराया है। यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की, भाजपा की गंगोत्री कुजूर और एआईएमआईएम समर्थित निर्दलीय देव कुमार धान के बीच था। मांडर विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव में जीतने वाली कांग्रेस विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने जीत के बाद जनता और पार्टी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेंगी और विकास के लिए पिता बंधु तिर्की के देखे सपने को पूरा करेंगी। नेहा तिर्की ने इस जीत को टीम वर्क का परिणाम बताया। पहली बार में ही जीत दर्ज करने वाली नेहा तिर्की ने कहा कि वह पिता के कार्यकाल में अधूरे रह गए कार्यों को पूरा करेंगी। उन्होंने कहा कि वे इस चुनाव को लेकर पहले से ही आश्वस्त थीं। उन्हें लग रहा था कि वह चुनाव जरूर जीतेंगी।

 मांडर में 23 जून को हुए मतदान में 2 लाख 17 हजार मतदाताओं ने वोट डाले थे। कुल 60.65 फीसदी वोटिंग हुई थी। इस पर सीट पर फिर काबिज होने के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी थी। कांग्रेस ने हर समीकरण को साधने का प्रयास किया था। वहीं, भाजपा ने भी परंपरागत वोट बैंक के दम पर जीत की कोशिश की थी लेकिन उसे सफलता नहीं मिल पाई। इस बार कुल 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे।

Author Image

Khabar East

  • Tags: