सिमडेगा में कांग्रेस की भारत जोड़ो उपयात्रा, पार्टी के कई नेता हुए शामिल

  • Dec 06, 2022
Khabar East:Congresss-Bharat-Jodo-Upayatra-in-Simdega-many-party-leaders-participated
सिमडेगा,06 दिसंबरः

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर की अगुवाई में कांग्रेस का जन आंदोलन भारत जोड़ो उपयात्रा मंगलवार को सिमडेगा मुख्यालय में की गई जिसमें कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं ने शहर के खुंटीटोली से टुकुपानी तक पदयात्रा करते हुए कांग्रेस के सिद्धांतों से लोगों को अवगत कराया।  इस दौरान राजेश ठाकुर ने कहा कि देश को तोड़ने की साजिश रची जा रही है। जिस तरीके से हमारे समाज में जहर घोला जा रहा है उससे देश बांटता जा रहा है। सरकार की गलत नीतियों की वजह से महंगाई भी चरम पर है। उन सभी साजिशों को खत्म करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल कोंगाडी और सैकड़ों समर्थकों के साथ मिलकर यह यात्रा निकाली। भारत जोड़ो यात्रा खुंटीटोली चौक से शुरू हुई। यह यात्रा सिमडेगा शहर से होते हुए टुकुपानी बेसिक स्कूल के पास पंहुच कर खत्म हुई। यात्रा के दौरान राजेश ठाकुर ने कहा कि पूरे देश में राहुल गांधी इस यात्रा को चला रहे हैं। झारखंड में अब तक 14 जिलों में यह यात्रा निकाली जा चुकी है। इस यात्रा का उद्देश्य यह है कि लोग आपसी मन-मुटाव खत्म करें और पार्टी की इस यात्रा को सफल बनाएं। इसका दूसरा उद्देश्य यह है कि इस समाज को एकजुट कर देश को मजबूत बनाना है। जब तक जनता जागृत नहीं होगी तब तक यह संभव नहीं होगा। आज हर विषय पर लोगों को विचार करना होगा। किस तरह से देश में बढ़ती महंगाई और समस्याओं का बढ़ता पहाड़ को रोका जा सकता है।

  उन्होंने कहा कि बेरोजगारी का आलम यह है कि युवा वर्ग परेशान है सरकार को ना तो उनकी सुध है और ना ही रोजगार देने के क्षेत्र में कोई कार्य किया जा रहा है। यहां लोगों को बरगला कर समाज को तोड़ने का काम किया जा रहा है। राजेश ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी इन सभी मुद्दों पर सीधे लोगों से जुड़ रहे हैं। लोगों का जनसमर्थन भी उन्हें मिल रहा है। जिन जिन स्थानों पर खुद राहुल गांधी नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहां पर प्रदेश और जिले के नेता, विधायक और सांसद इस यात्रा को जनता के बीच लेकर जा रहे हैं। पूरे देश में यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी हर समस्या पर जनता के साथ खड़ी है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: