माकपा के वरिष्ठ नेता प्रणव कुमार भट्टाचार्य का निधन

  • Aug 16, 2022
Khabar East:Senior-CPIM-leader-Pranab-Kumar-Bhattacharya-passes-away
हावड़ा, 16 अगस्त

हावड़ा के पूर्व माकपा विधायक प्रणव कुमार भट्टाचार्य का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्होंने मंगलवार तड़के 3:40 बजे हिजलपुकुर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह 75 वर्ष के थे। वह लंबे समय तक मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की उत्तर 24 परगना जिला समिति के संपादकीय बोर्ड के सदस्य रहे हैं। प्रणव कुमार की इच्छा के अनुसार, दिशा प्रभा आई बैंक में नेत्रदान दिया गया। परिवार के अनुसार प्रणव कुमार भट्टाचार्य का पार्थिव शरीर एनआरएस मेडिकल कॉलेज को सौंपा जाएगा। उनकी निधन की खबर सुनते ही पार्टी कार्यकर्ता उनके घर पर जुटने लगे। इसके अलावा हावड़ा नगर निगम के पूर्व मेयर निलिमेश दास भी तृणमूल पार्टी से जुड़े होने के बावजूद दिवंगत प्रणव भट्टाचार्य के घर पर श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे। पार्टी सूत्रों के अनुसार उनके पार्थिव शरीर को स्थानीय पार्टी कार्यालय, नगर निगम, चैतन्य कॉलेज के माध्यम से जिला माकपा कार्यालय ले जाया जाएगा।

 उल्लेखनीय है की 1979 में, प्रणव भट्टाचार्य हावड़ा नगर निगम बोर्ड के पहले डिप्टी मेयर बने थे। वह 1988 से 1993 तक हावड़ा नगरनिगम के पहले निर्वाचित मेयर भी थे। बाद में, उन्होंने 2006 से 2011 तक हावड़ा विधानसभा के विधायक के रूप में कार्य किया। वे श्री चैतन्य कॉलेज में भौतिकी के प्रोफेसर भी थे। अंत में, उन्होंने इस कॉलेज में कार्यवाहक प्राचार्य के कर्तव्यों को भी संभाला। प्रणव कुमार भट्टाचार्य जिले के विभिन्न कॉलेजों के गवर्निंग बॉडी के सदस्य भी थे।वह बेहद सादा जीवन जीते थे। जब वह स्वस्थ होते थे तो साइकिल चलाकर इलाके में भ्रमण करते थे और लोगों से संपर्क में रहते थे। उनके निजी जीवन की सत्यनिष्ठा पर कभी भी विपक्षी राजनीतिक दलों में से किसी ने सवाल नहीं उठाया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: