फिरहाद की आलोचना करने वाले मंत्री साधन पांडे को टीएमसी का शोकाज नोटिस

  • May 28, 2020
Khabar East:TMCs-shocking-notice-to-Minister-Sadhan-Pandey-who-criticized-Firhad
कोलकाता,28 मईः

अम्फान तूफान से राज्य में हुई तबाही के बाद व्यवस्था से निपटने में फिरहाद हकीम को नाकाम बताने वाले राज्य के उपभोक्ता मामलों के मंत्री साधन पांडे को तृणमूल ने शोकाज नोटिस जारी किया है। मंगलवार को साधन पांडे ने दावा किया था कि निगम प्रशासक ने कोलकाता के विधायकों के साथ कभी भी बैठक नहीं की। मुझसे कभी चर्चा नहीं की। उन्होंने कहा था कि यदि निगम प्रशासक ऐसा किए होते तो आज अम्फान से हुई इस परिस्थिति से समय पर निपटा जा सकता था। अम्फान से पहले ही तैयारियां कर ली जातीं। उन्होंने कहा था कि अम्फान से राज्य में भारी तबाही हुई। कोलकाता में हजारों पेड़ गिर गए। प्रशासक मेयर रह चुके हैं, उन्हें समस्या की जानकारी रखनी चाहिए थी। विधायकों से यदि बात की गई होती तो खतरनाक पेड़ों के बारे जानकारी जुटाकर व्यवस्था कर ली जाती, लेकिन वे अपनी मनमानी से काम कर रहे हैं।इस बयान के बाद ही बीते कल तृणमूल ने उन्हें शोकाज नोटिस भेज कर अपना रूख स्पष्ट कर दिया है। उत्तर कोलकाता जिला तृणमूल के अध्यक्ष और सांसद सुदीप बंदोपाध्याय द्वारा हस्ताक्षरित पत्र उन्हें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर भेजा गया है। पार्टी में पांडे अब हाशिए पर जाते दिख रहे हैं। पांडे मानिकतल्ला विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल के विधायक हैं। मंत्री साधन पांडे के बयान के बाद निगम के प्रशासक फिरहाद हकीम ने कहा था कि साधन पांडे बीमार व्यक्ति हैं। इसलिए वे क्या कहते हैं, इसका उन्हें ज्ञान नहीं रहता है। उनके बयान को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।

 साधन पांडे ने कहा था कि लापरवाही की सजा महानगर के लोग भुगत रहे हैं। पांच हजार पेड़ के लिए सिर्फ 25 कटर हैं। हर वार्ड में गिरे पेड़ों को काटकर हटाने के लिए कम से कम एक कटर होना चाहिए था। निगम को पहले से पेड़ काटने के साधन जुटा कर रखने चाहिए थे। साधन पांडे ने कहा था कि कोलकाता नगर निगम के अन्तर्गत 144 वार्डों में जरूरतमन्दों में जो राशन वितरित किया जा रहा है, उसमें भी प्रशासक अपनी मनमानी चला रहे हैं। पांडे ने पौर कमिश्नर खलील अहमद को हटाए जाने का भी विरोध करते हुए कहा था कि वे अनुभवी आदमी थे। इस समय उनकी ज्यादा जरूरत थी। पांडे ने यह भी कहा कि पूर्व मेयर शोभन चटर्जी के अनुभव का भी लाभ लेना चाहिए थे। उन्होंने कहा कि प्रशासक ने हम लोगों से बात नहीं की, यह अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: