कोलकाता के ब्रिगेड आ रही भाजपा की बस पर बेलदा में हमला

  • Mar 14, 2026
Khabar East:BJP-bus-heading-to-Kolkatas-Brigade-attacked-in-Belda
कोलकाता,14 मार्चः

कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में प्रधानमंत्री की सभा में शामिल होने के लिए आ रहे भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों की बस पर हमला करने का आरोप सामने आया है। यह आरोप राज्य की सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ताओं व समर्थकों के खिलाफ लगाया जा रहा है। यह घटना शनिवार की भोर में करीब 5.30 बजे पश्चिम मिदनापुर जिले के बेलदा थाना के पातली इलाके की बतायी जाती है।

आरोप है कि शनिवार की सुबह जब ब्रिगेड में पहुंचने के लिए बेलदा से एक बस रवाना हुई तो पातली इलाके में बस में तोड़फोड़ की गयी। इस बस से अहरमुंडा इलाके में भाजपा समर्थक कोलकाता आ रहे थे। आरोप है कि पहले मोटरसाइकिल पर सवार कुछ युवकों ने बस को रोका और फिर बस के ड्राइवर से पूछा कि बस कहां जा रही है।

जब ड्राइवर ने बताया कि यह बस ब्रिगेड की जनसभा में शामिल होने वाले लोगों को लेकर जा रही है तो इसका तीव्र विरोध किया गया। आरोप है कि इसी दौरान बस पर हमला भी किया गया। बस के शीशे तोड़ दिए गए और ड्राइवर व खलासी को पीटा भी गया।

परिस्थिति बिगड़ती देखकर ड्राइवर ने बस को घुमा लिया और वापस लौट गए। भाजपा का आरोप है कि बेलदा के तृणमूल नेता दिलीप दे के नेतृत्व में यह हमला किया गया। भाजपा नेता गौरीशंकर अधिकारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने दिलीप दे के नेतृत्व में यह हमला किया है लेकिन इस तरह से भाजपा को रोका नहीं जा सकता है। किसी भी प्रकार से भाजपा समर्थक ब्रिगेड मैदान में जरूर जाएंगे। भाजपा नेता का कहना है कि इस बारे में चुनाव आयोग के पास शिकायत भी दर्ज करवायी जाएगी।

 हालांकि तृणमूल नेता ने इन आरोपों को मानने से इनकार किया है। तृणमूल नेता दिलीप दे का दावा है कि भाजपा के आपसी संघर्ष की वजह से ही यह घटना घटी है। उनका दावा है कि बेलदा में भाजपा का कोई संगठन नहीं है। अपनी पार्टी में ही संघर्ष के कारण यह घटना घटी है। तृणमूल का कोई नेता-कार्यकर्ता इस घटना में शामिल नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: