भारतीय जनता पार्टी ने आज बिहार बंद का आह्वान किया है। राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को अपशब्द और अमर्यादित शब्द कहे जाने को लेकर आज पूरे बिहार में बंद का आह्वान किया गया। सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिहार बंद का एलान किया गया था। महिलाओं का मामला होने के कारण इस बंद का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष धर्मशीला गुप्ता के पास दिया गया था। पटना बंद में तो सांसद रविशंकर प्रसाद भी निकले और पीएम मोदी की मां के खिलाफ कही गई बात को लेकर राजद-कांग्रेस के संस्कार तक की चर्चा की। पटना जिले के मनेर और बिहटा में भाजपा नेताओं ने बिहार बंदी को लेकर सड़क जाम कर दिया । मनेर में भाजपा नेता व पूर्व विधायक श्रीकांत निराला के नेतृत्व में बिहार बंदी की सफलता को लेकर सड़क जाम किया गया। इस दौरान सबसे पहले भाजपा नेताओं और पूर्व विधायक में मनेर नगर का भ्रमण करते हुए लोगों के दुकानों को बंद करने की अपील की। उसके बाद मार्च करते हुए मनेर के भगत सिंह स्मारक मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 30 को जामकर महागठबंधन के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि मां को गाली देना देश कतई बर्दाश्त नही करेगा। इस दौरान काफी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और नेतागण मौजूद रहे।
कटिहार में एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग चौक-चौराहों पर प्रदर्शन करते हुए महागठबंधन की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आम जनजीवन भी आंशिक रूप से प्रभावित दिखा। सभी बाजार बंद रहे तो सड़कों पर आवागमन भी बाधित हुआ। पूर्व डिप्टी सीएम सह कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि भारत एक ऐसा देश है, जहां मातृ देवो भवः और पितृ देवो भवः की परंपरा रही है। ऐसे में किसी भी मां के सम्मान पर चोट पहुंचाने वाली भाषा को समाज किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं कर सकता।