सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोलकाता पुलिस ने एक विशेष जागरूकता अभियान की पहल की है। इस अभियान का खास उद्देश्य स्कूटी चलाने वाली महिलाओं और पीछे बैठकर सफर करने वाली महिला यात्रियों को हेलमेट के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना है। कोलकाता पुलिस ने इस पहल के लिए महिलाओं के लिए विशेष हेलमेट बनाने वाली कंपनी Tvarra के साथ सहयोग किया है। यह अभियान केवल सड़क सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को भी बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कोलकाता पुलिस के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) डॉ. भोलानाथ पांडे ने इस अभियान के दौरान कहा कि आमतौर पर लोगों के बीच यह धारणा बनी हुई है कि स्कूटी चलाना मोटरसाइकिल की तुलना में ज्यादा सुरक्षित होता है। हालांकि, यह धारणा सही नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं के दौरान दोपहिया वाहनों की सभी श्रेणियों के चालक और यात्री समान रूप से जोखिम में रहते हैं। स्कूटी हो या बाइक, दुर्घटना की स्थिति में किसी की सुरक्षा की गारंटी नहीं होती। इसलिए वाहन के प्रकार के आधार पर सुरक्षा को कम या ज्यादा आंकना सही नहीं है।
डॉ. भोलानाथ पांडे ने कहा कि कोलकाता पुलिस लगातार उन क्षेत्रों की पहचान करती रहती है, जहां ज्यादा जागरूकता फैलाने और हस्तक्षेप करने की जरूरत है। इसी क्रम में स्कूटी चालकों और पीछे बैठने वाले यात्रियों को हेलमेट पहनने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हेलमेट केवल मोटरसाइकिल चालकों के लिए जरूरी नहीं है, बल्कि स्कूटी चलाने वाले और पीछे बैठने वाले दोनों लोगों को इसका इस्तेमाल करना चाहिए। इसका उद्देश्य दुर्घटना की स्थिति में चालक, पीछे बैठे यात्री और साथ सफर कर रहे अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।