सांसद खगेन मुर्मू को मिली वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा

  • Oct 28, 2025
Khabar East:MP-Khagen-Murmu-gets-Y-plus-category-security
कोलकाता,28 अक्टूबरः

मालदा उत्तर से भाजपा सांसद खगेन मुर्मू अब वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा घेरे में रहेंगे। करीब तीन सप्ताह पहले उत्तर बंगाल में बाढ़ की स्थिति का मुआयना करने के दौरान उन्हें लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा था। इस दौरान भाजपा सांसद खगेन मुर्मू पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गये थे। इस घटना के बाद केंद्र सरकार ने भाजपा सांसद को वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करने की घोषणा की है। इससे पहले केंद्र ने विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी की सुरक्षा भी बढ़ा दी थी।

 गौरतलब है कि छह अक्तूबर को, भाजपा सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष सहित भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल डुआर्स के नागराकाटा इलाके में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने गया था। उस समय उन पर हमला किया गया। बताया जाता है कि ईंट-पत्थर फेंकने की इस घटना में सांसद की आंख के नीचे की हड्डी टूट गयी थी। वह कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे।

 बीजेपी सांसद के पारिवारिक सूत्रों के अनुसार आगे के इलाज के लिए उन्हें कुछ ही दिनों में दिल्ली एम्स ले जाया जाएगा। खगेन मुर्मू की पत्नी मंजू किस्कू ने मीडिया को बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें अगले दो महीने तक बोलने से मना किया है। उनका जबड़ा बुरी तरह प्रभावित है, उनके चार दांत अभी भी ढीले हैं। इसके अलावा उनकी दृष्टि अभी भी धुंधली है, और वे दर्द से पीड़ित हैं।

Author Image

Khabar East

  • Tags: