बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज जनता दरबार लगाया है, जहां भूमि सुधार से संबंधित समस्याएं भी सुनी जा रही हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 'ऑन द स्पॉट' निपटारा भी किया जा रहा है। बड़ी बात ये है कि आज के जनता दरबार में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक मेहता भी पहुंचे हैं, जिसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। कहा जा रहा है कि बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री की नाराजगी दूर हो गयी है, जिसके बाद वे आज मुख्यमंत्री के जनता दरबार में पहुंचे हैं। इससे पहले मंत्री आलोक मेहता की नाराजगी की ख़बरें बिहार के सियासी गलियारे में तैर रही थी। कहा जा रहा था कि ट्रांसफर-पोस्टिंग रद्द होने के बाद से ही मंत्री आलोक मेहता नाराज़ थे। वे पिछले कई दिनों से दफ्तर भी नहीं जा रहे थे लेकिन लंबे अंतराल बाद आज वे मुख्यमंत्री के जनता दरबार में पहुंचे हैं। फिलहाल बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक मेहता के जनता दरबार में पहुंचने के बाद ये कयास लगाए जा रहे है कि अब उनकी नाराजगी दूर हो गयी है।
जनता दरबार में मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात होगी तो हो सकता है कि उनका गुस्सा ठंडा भी पड़ जाए।गौरतलब है कि अगस्त महीने की आज पहली सोमवारी है। पहली सोमवारी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गृह विभाग, कारा विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, मद्य निषेध विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग, निगरानी विभाग एवं सामान्य प्रशासन विभाग से जुड़ी शिकायतों को सुन रहे हैं। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को निपटना के लिए अफसरों को दिशा-निर्देश भी दिए।