ओडिशा भीषण गर्मी के लिए तैयार, सक्रिय कदम उठाने जोर

  • Mar 24, 2026
Khabar East:Odisha-Gears-Up-For-Scorching-Summer
भुवनेश्वर,24 मार्चः

 ओडिशा में संभावित लू (हीट वेव) की स्थिति को देखते हुए आवास एवं शहरी विकास मंत्री डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र ने आज खारवेल भवन के तीसरी मंजिल स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में शहरी क्षेत्रों की तैयारियों और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का विस्तृत आकलन किया।

 बैठक की शुरुआत नगर प्रशासन निदेशक अरिंदम डाकुआ ने एजेंडा प्रस्तुत करते हुए की। उन्होंने हीट वेव एसओपी का व्यापक विवरण दिया और उन प्रमुख कार्यों व तैयारियों पर प्रकाश डाला जिन्हें सभी शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) को नागरिकों को अत्यधिक तापमान से बचाने के लिए लागू करना आवश्यक है।

 वर्चुअल माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. महापात्र ने राज्य में बढ़ते तापमान को देखते हुए त्वरित, समन्वित और सक्रिय कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने शहरी आपदा सहनशीलता को मजबूत करने तथा गर्मी के दौरान आवश्यक नागरिक सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 मंत्री ने सभी विभागीय प्रमुखों और यूएलबी को अधिसूचित हीट वेव एसओपी का सख्ती से पालन करने को कहा। विशेष रूप से पेयजल आपूर्ति को निर्बाध और समान रूप से बनाए रखने पर जोर दिया गया। उन्होंने वाटको (WATCO) और मुख्य अभियंता (जन स्वास्थ्य) को निर्देश दिया कि भीषण गर्मी के दौरान जलापूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए।

 नगर निगम आयुक्तों तथा नगरपालिकाओं और अधिसूचित क्षेत्र परिषदों (एनएसी) के कार्यपालक अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर हीट शमन उपाय तुरंत लागू करने के निर्देश दिए गए। इनमें बाजार, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल केंद्र, छायादार विश्राम स्थल और कूलिंग सुविधाएं स्थापित करना शामिल है।

 जमीनी स्तर पर समन्वय मजबूत करने के लिए जिला शहरी विकास एजेंसियों (डूडा) के परियोजना निदेशकों को कार्यों की निगरानी और गर्मी से जुड़ी आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी यूएलबी को 24×7 कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर सक्रिय रखने तथा सोशल मीडिया, स्थानीय केबल नेटवर्क और पंपलेट के माध्यम से व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए गए।

 जनहित को प्राथमिकता देते हुए डॉ. महापात्र ने स्पष्ट कहा कि लू से किसी की भी मौत नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी हर स्तर पर सतर्क, सजग और जवाबदेह रहें।  उन्होंने समय पर हस्तक्षेप, जन-जागरूकता अभियान और फील्ड स्तर पर कड़ी निगरानी पर जोर दिया।

 आवास एवं शहरी विकास विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव उषा पाढ़ी ने एसओपी के सख्त पालन और निरंतर निगरानी की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात कही।

 बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, अतिरिक्त सचिवों और प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया, जबकि राज्यभर के नगर निगम आयुक्त और कार्यपालक अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

 विभाग ने कठिन मौसम परिस्थितियों के बावजूद शहरी नागरिकों की सुरक्षा और बेहतर सार्वजनिक सेवाएं सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Author Image

Khabar East

  • Tags: