कोल्ड स्टोरेज के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर आज लोक सेवा भवन में उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमुख्यमंत्री सिंह देव ने कहा कि कृषि एक सतत प्रक्रिया है। यह लोगों को पूरे साल भोजन उपलब्ध कराती है और रोजगार का निरंतर स्रोत प्रदान करती है। ओडिशा एक कृषि प्रधान राज्य है और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है। इसकी लंबी तटरेखा और समुद्री परिवहन प्रणाली को भी मजबूत किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री और कृषि, किसान सशक्तिकरण व ऊर्जा मंत्री सिंहदेव ने आगे कहा कि ओडिशा, जो पहले खाद्यान्न की कमी वाला राज्य था, अब खाद्यान्न अधिशेष वाला राज्य बन गया है। अब, इसके फल, सब्जियां और खाद्यान्न भी विदेशों में निर्यात किए जा रहे हैं। विदेशों में ओडिशा के स्वदेशी सुगंधित चावल और सब्जियों की मांग धीरे-धीरे बढ़ रही है। किसानों को खेत से बाजार तक पर्याप्त संपर्क, उनकी उपज का उचित मूल्य और अधिशेष अनाज की सुरक्षा प्रदान करना हमारी प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य के हर उपमंडल में कोल्ड स्टोरेज बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इससे हमारे किसानों की आय बढ़ेगी और राज्य में वस्तुओं की कृत्रिम कमी दूर होगी। बैठक में एक कंपनी द्वारा राज्य में कोल्ड स्टोरेज बनाने का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया। बैठक में कृषि निदेशक शुभम सक्सेना सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।