राजधानी रांची के तमाड़ में उत्पाद सिपाही परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक होने की सूचना पर एक जगह जमा 150 से अधिक युवकों को रांची पुलिस ने हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। सभी युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है। सभी को रांची के तमाड़ थाने में रखा गया है। तमाड़ थाने के गेट को बंद कर दिया गया और रांची पुलिस के वरीय अधिकारी हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए अधिकांश युवक उत्पाद सिपाही की परीक्षा देने आए पहुंचे थे और एक जगह जमा होकर प्रश्न पत्र लिक किए जाने की बात कर रहे थे। इसी बीच मामले की जानकारी पुलिस को मिल गई, तुरंत मामले पर संज्ञान लेते हुए रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर खुद मौके पर पहुंचे और युवकों को हिरासत में ले लिया।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्पाद विभाग का प्रश्न पत्र लीक किया गया है और एक जगह जमा हुए अभ्यर्थियों के बीच वह जल्द उपलब्ध करवाया जाएगा। सूचना यह भी थी कि ओरिजनल कैंडिडेट की जगह कुछ डुप्लीकेट उनकी जगह परीक्षा देंगे। हालांकि अभी तक दोनों ही मामलों की पुष्टि नहीं हो पाई है।
रांची के ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पेपर लीक की सूचना पर पुलिस ने 150 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल जांच में पेपर लीक जैसा कोई मामला सामने नहीं आया है, बाकी आगे की जांच जारी है।