राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को अपने दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर भुवनेश्वर पहुंचीं। हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, राज्यपाल ब्रज मोहन राम सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने उनका भव्य स्वागत किया। राष्ट्रपति भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से भुवनेश्वर पहुंचीं, जहां उन्हें औपचारिक स्वागत दिया गया। हवाई अड्डे से वह सीधे लोक भवन के लिए रवाना हुईं, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे का प्रमुख आकर्षण मंगलवार दोपहर कटक के ऐतिहासिक बालियात्रा महोत्सव का उद्घाटन करना होगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति शाम करीब 4 बजे सड़क मार्ग से लोक भवन से कटक के लिए रवाना होंगी। उनका काफिला जयदेव विहार और राष्ट्रीय राजमार्ग-16 से होते हुए रसूलगढ़, नखरा और अन्य संपर्क मार्गों के जरिए कटक पहुंचेगा।
राष्ट्रपति वार्षिक बालियात्रा महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह महोत्सव ओडिशा की गौरवशाली समुद्री विरासत और प्राचीन समुद्री व्यापारिक परंपराओं का प्रतीक है।
कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति भुवनेश्वर लौटेंगी और रात में लोक भवन में ठहरेंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए भुवनेश्वर और कटक जाने वाले मार्गों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी), भुवनेश्वर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मिलकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही हैं। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। डीसीपी और अतिरिक्त डीसीपी स्तर के अधिकारियों को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पुलिस आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया है।
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए हवाई अड्डे से लोक भवन तक और कटक जाने वाले निर्धारित मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए गए हैं। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करने और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए हैं।